रायपुर, 28 मई (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत इंद्रप्रस्थ फेस-2 स्थित एलआईजी सी-ब्लॉक में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक का शव बिल्डिंग की छत पर फांसी के फंदे से लटका मिला।
जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार सुबह करीब 11 बजे सामने आई, जब कॉलोनी के लोगों ने छत पर युवक को फंदे से लटका देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही डीडी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस आत्महत्या समेत अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक युवक बिल्डिंग के आसपास ही रहता था, हालांकि उसकी पहचान और अन्य जानकारी की पुष्टि पुलिस द्वारा की जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक छत तक कैसे पहुंचा और घटना से पहले उसकी गतिविधियां क्या थीं। वहीं फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

