नैनीताल 28 मई (आरएनएस)। कुमाऊं भ्रमण के लिए कोलकाता से आए पर्यटकों को इंटरनेट पर टैक्सी बुक करना महंगा पड़ गया। टैक्सी चालक ने बुकिंग के नाम पर एडवांस राशि लेने के बाद अपना मोबाइल नंबर बंद कर दिया। नैनीताल पहुंचने पर पर्यटकों ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। आम बागान उत्तर पारा, पश्चिम बंगाल निवासी सोमेंद्र भट्टाचार्य ने मल्लीताल चौकी पहुंचकर बताया कि वह 23 मई को कोलकाता से कुमाऊं भ्रमण के लिए निकले थे। इंटरनेट पर एक वीडियो देखने के बाद उन्होंने उसमें दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क कर मुरादाबाद से कुमाऊं भ्रमण के लिए टैक्सी बुक की थी। खुद को नैनीताल निवासी बताते हुए सतीश नामक व्यक्ति ने पर्यटकों से टैक्सी बुकिंग के एवज में दो हजार रुपये एडवांस लिए। अगले दिन जब पर्यटक मुरादाबाद पहुंचे तो वहां टैक्सी चालक का कोई पता नहीं चला। संपर्क करने पर उसका मोबाइल नंबर भी बंद मिला। कोतवाल राजेंद्र रावत ने कहा कि मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपी टैक्सी चालक की तलाश की जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

