नैनीताल 28 मई (आरएनएस)। बकरीद के मौके पर गुरुवार सुबह नैनीताल में ईद की नमाज को लेकर पुलिस प्रशासन और लोगों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। डीएसए मैदान में नमाज अदा करने जा रहे लोगों को पुलिस ने तल्लीताल क्षेत्र में रोक दिया, जिसके चलते कई स्थानों पर बहस और नाराजगी देखने को मिली।तल्लीताल डांठ चौराहे समेत अन्य स्थानों पर पुलिस ने नमाजियों को रोकते हुए उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में नमाज अदा करने की सलाह दी। जिसका कुछ लोगों ने विरोध कर प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की। पुलिस ने कार्रवाई के पीछे हाईकोर्ट के निर्देशों का हवाला दिया। वहीं नमाजियों का कहना था कि अलग-अलग स्थानों पर रोकने से लोगों में नाराजगी है।
बीते दिनों हुई शांति कमेटी की बैठक में प्रशासन ने स्पष्ट किया था, कि मैदान में नमाज अदा करने को वरिष्ठ अधिकारियों की अनुमति आवश्यक होगी। इसके बाद डीएसए प्रबंधन ने अनुमति जारी की, लेकिन बाद में उसे निरस्त कर दिया। बाद में मामला अदालत पहुंचा, जहां परंपरा को देखते हुए नमाज अदा करने की अनुमति दी गई। इसके बावजूद ईद की सुबह पुलिस ने लोगों को रास्ते में रोकने से विवाद की स्थिति बन गई। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि पुलिस ने केवल हाईकोर्ट के आदेशों का पालन किया है। लोगों से अपने-अपने क्षेत्रों में नमाज अदा करने की अपील की थी। इस दौरान डीएम ललित मोहन रयाल भी मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

