बलौदाबाजार 28 मई (आरएनएस) “बारात की खुशियां अचानक चीख-पुकार में बदल गईं, रात के अंधेरे में चाकू चमका और देखते ही देखते मेहमानों से मोबाइल व नगदी लूटकर बदमाश फरार हो गए”, बलौदाबाजार जिले की गिरौदपुरी चौकी पुलिस ने ग्राम मड़वा में हुई सनसनीखेज लूटकांड का खुलासा करते हुए विधि से संघर्षरत एक बालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए तीन मोबाइल, दो चाकू और वारदात में इस्तेमाल की गई लाल रंग की पल्सर मोटरसाइकिल CG04 NZ 6130 जप्त की है। मामला 26 मई की रात का है, जब ग्राम केरा निवासी रामनारायण धीवर अपने साथी के साथ ग्राम मड़वा में बारात कार्यक्रम में शामिल होने आया था। रात करीब 10 बजे दोनों गुडी चौक के पास पानी पाउच लेकर लौट रहे थे, तभी आरोपी आजाद सिंह कंवर उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम मड़वा और उसके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक ने रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने दोनों युवकों के साथ मारपीट की, चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और एक एप्पल आईफोन समेत दो मोबाइल व 3500 रुपये नगद लूटकर मौके से फरार हो गए। घटना की रिपोर्ट मिलते ही चौकी गिरौदपुरी पुलिस ने अपराध क्रमांक 114/2026 धारा 309(4) बीएनएस और 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में टीम ने पीड़ितों से मिले हुलिए और बाइक की जानकारी के आधार पर आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने टुण्डरा-नरधा रोड में भी इसी तरह मोबाइल लूट की वारदात करना कबूल किया। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी में है। बहरहाल यह घटना बता गई कि अब बारात और सुनसान सड़कें भी बदमाशों के निशाने पर हैं, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने आरोपियों को सलाखों तक पहुंचा दिया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

