सरगुजा 28 मई (आरएनएस) “मोबाइल पर आया एक लिंक, सिम हुआ ई-सिम में एक्टिव और देखते ही देखते बैंक खाते से लाखों रुपये गायब हो गए”, सरगुजा साइबर रेंज थाना ने देशभर में एपीके फाइल भेजकर ऑनलाइन ठगी करने वाले बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए झारखंड के देवघर से 6 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर 5जी सिम अपडेट, पीएम आवास योजना, पीएम किसान योजना, आरटीओ चालान और परिवहन एपीके फाइल के नाम पर लोगों के मोबाइल हैक कर करोड़ों की साइबर ठगी करने का आरोप है। मामला पत्थलगांव निवासी उमेश खुटे से जुड़ा है, जिसने 11 सितंबर 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके मोबाइल पर लिंक भेजकर और 5जी सिम अपडेट करने के बहाने उसके खाते से 5 लाख 53 हजार 900 रुपये उड़ा लिए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज आईजी दीपक कुमार झा ने जांच साइबर रेंज थाना को सौंपी। नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के मार्गदर्शन में टीम झारखंड के देवघर रवाना हुई और घेराबंदी कर 6 आरोपियों संतोष कुमार दास, पप्पू महरा, प्रयाग दास, राजकुमार मंडल, आर्यन कुमार और नित्यानंद को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से 10 मोबाइल, पासबुक, चेकबुक और 51 हजार रुपये नगद जप्त किए गए। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी रोज करीब 2500 लोगों को फर्जी एपीके फाइल भेजते थे। लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल का पूरा एक्सेस इनके पास पहुंच जाता था और फिर ओटीपी व एसएमएस पढ़कर खाते खाली कर दिए जाते थे। गिरोह ई-सिम एक्टिव कर यूपीआई के जरिए रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर कर निकाल लेता था। जांच में यह भी सामने आया कि इसी नेटवर्क ने पहले भी जशपुर जिले में 29 लाख 15 हजार रुपये की साइबर ठगी को अंजाम दिया था। फिलहाल साइबर थाना अब इस पूरे एपीके सिंडिकेट से जुड़े अन्य एजेंटों और आरोपियों की तलाश में जुटा है। गौरतलब है कि एक क्लिक की लापरवाही अब सीधे बैंक खाते तक पहुंच बना रही है और यही साइबर ठगों का सबसे खतरनाक हथियार बन चुका है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

