सारंगढ़-बिलाईगढ़, 29 मई 2026। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश तथा खनि अधिकारी के मार्गदर्शन में खनिज विभाग की टीम ने बुधवार को ग्राम गुडेली-टिमरलगा क्षेत्र का निरीक्षण किया। जांच के दौरान गौण खनिज चूनापत्थर का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर दो हाईवा वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
खनिज अमले ने हाईवा क्रमांक CG-13-AQ-6075, जिसके मालिक घनश्याम पटेल निवासी गुडेली, सारंगढ़ हैं, तथा हाईवा क्रमांक CG-13-AQ-4044, जिसके मालिक दीपक कुमार अग्रवाल निवासी कोतरा रोड, रायगढ़ हैं, को जब्त कर थाना सारंगढ़ की सुरक्षा में खड़ा कराया है।
उक्त कार्रवाई छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 एवं खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कलेक्टर के निर्देशानुसार आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

