बलौदाबाजार- भाटापारा 29 मई (आरएनएस) पलारी 29 मई (आरएनएस)। गांव के एक साधारण पान-गुटखा ठेले के पीछे चल रहा नशे का खेल तब बेनकाब हो गया जब पलारी पुलिस ने दबिश देकर एक महिला को गांजा बेचते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोप है कि महिला बेहद शातिर तरीके से गांजे की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर ग्राहकों को बेच रही थी। पुलिस ने मौके से गांजा और बिक्री की नकदी बरामद कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में जिले में अवैध शराब, जुआ-सट्टा और मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 28 मई को थाना पलारी पुलिस को ग्राम ओडान में गांजा बिक्री की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर गांव में स्थित एक पान-गुटखा ठेले पर दबिश दी। जांच के दौरान ठेले और महिला की तलाशी ली गई, जहां से छोटे-छोटे पैकेटों में रखा गया 106 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे की अनुमानित कीमत 1300 रुपये तथा बिक्री से प्राप्त 300 रुपये नकद जब्त किए। पूछताछ में आरोपिया की पहचान कुसुम बाई सेन, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम ओडान, थाना पलारी के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार आरोपिया लंबे समय से ठेले की आड़ में गांजे की पुड़िया बनाकर बिक्री कर रही थी। बरामदगी के बाद थाना पलारी में अपराध क्रमांक 232/2026 दर्ज कर आरोपिया के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला कायम किया गया। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बहरहाल, यह कार्रवाई साफ संकेत है कि नशे का कारोबार चाहे जितना छिपकर किया जाए, कानून की नजर से बच पाना अब आसान नहीं है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

