बागेश्वर 29 मई (आरएनएस)। पूर्व विधायक ललित फस्र्वाण ने कपकोट क्षेत्र के कर्मी, तोली, बघर और बदियाकोट मोटर मार्गों की खराब स्थिति पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें बदहाली का शिकार हैं, जबकि इंटरनेट मीडिया और सरकारी मंचों पर विकास के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं। पूर्व विधायक ने बताया कि जमीनी स्तर पर जाकर सड़कों की वास्तविक स्थिति देखने पर विकास के दावों की सच्चाई स्पष्ट हो जाती है। उन्होंने सवाल उठाया कि सड़क विकास के नाम पर खर्च किए जा रहे करोड़ों रुपये आखिर कहां जा रहे हैं। टूटी और जर्जर सड़कें यह दर्शाती हैं कि विकास के नाम पर केवल प्रचार किया जा रहा है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत समस्याएं बढ़ती जा रही हैं।
कर्मी, तोली, बघर और बदियाकोट की सड़कें कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत हुई थीं, लेकिन वर्तमान सरकार और जनप्रतिनिधि उनके रखरखाव में विफल रहे हैं। सड़कों में बड़े गड्ढे हैं, नालियों की सफाई नहीं हो रही, और कई स्थानों पर सुरक्षा दीवारें टूटी पड़ी हैं। खराब सड़कों के कारण ग्रामीणों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण जनता अब केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि धरातल पर विकास कार्य और जवाबदेही चाहती है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

