50-60किमी की रफ्तार से चली हवा, पेड़ और पोल उखड़े, कई इलाकों में जलभराव
प्रयागराज 29 मई (आरएनएस )। प्रयागराज में गुरुवार देर रात करीब 2:00 बजे से तेज गरज चमक के साथ तेज हवाएं शुरू हुई और देखते ही देखते 2:30 बजे के करीब तेज आंधी के साथ बादलों की गडग़ड़ाहट शुरू हो गई। इसके बाद करीब 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आए तूफान के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई, जो करीब एक घंटे तक लगातार जारी रहा।
तूफान और आंधी की वजह से शहर और ग्रामीण इलाकों में भारी नुकसान हुआ है।टटट कई मुख्य रास्तों और मोहल्लों में भारी भरकम पेड़ उखड़कर गिर गए। इसके साथ ही कई इलाकों में बिजली गिरने की भी सूचना है। कोरांव क्षेत्र में बारजा गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
तूफान का सबसे बड़ा असर शहर की बिजली आपूर्ति पर पड़ा है। तेज हवाओं के कारण दर्जनों जगहों पर बिजली के तार टूट गए और कई खंभे धराशायी हो गए। इस वजह से आधी रात से ही कई इलाकों की बत्ती पूरी तरह गुल है। बिजली विभाग की टीमें सुबह से ही युद्धस्तर पर काम में जुटी हुई हैं ताकि प्रभावित इलाकों में जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल की जा सके।
गोविंदपुर, शुक्ला मार्केट, सलोरी, कैलाशपुरी, तेलियरगंज और मजार इलाके में कई घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। वहीं अशोक नगर, राजापुर और धूमनगंज के कई हिस्सों में भी देर रात से बिजली गुल रही, जिससे लोगों की नींद और दैनिक दिनचर्या प्रभावित हुई। इसके अलावा झूसी क्षेत्र में तेज आंधी के दौरान कई बिजली पोल और पेड़ गिर गए, जिसके चलते इलाके की बिजली व्यवस्था ठप हो गई। विद्युत विभाग की टीमें सुबह से मरम्मत कार्य में जुटी रहीं।
प्रयागराज जनपद में यमुनापार के कोरांव नगर पंचायत के सुभाष नगर मुहल्ले के निवासी 55 वर्षीय विजय कुमार सिंह पुत्र बिहारी लाल सिंह की पड़ोसी के घर का बारजा गिरने से दबकर मौत हो गई। विजय कुमार सिंह रात में अपने टिन शेड के नीचे सो रहे थे। रात में लगभग तीन बजे आंधी के दौरान पड़ोस में बने मकान के दूसरे मंजिल का बारजा गिरने से विजय कुमार सिंह उसके नीचे दब गए।
स्वजन उन्हें आनन-फानन में सीएचसी कोरांव ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना को लेकर परिवार में गमगीन माहौल है। मृतक विजय कुमार सिंह नगर पंचायत कोरांव के कर्मचारी परमहंस सिंह के चाचा बताए जाते हैं।
मेजा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा गड़ेवरा की आदिवासी बस्ती में शुक्रवार भोर में तेज आंधी व बारिश में भोला आदिवासी के मकान पर महुआ का पेड़ गिर गया। इससे मकान धराशायी हो गया। मकान में सो रहीं दो महिलाएं गम्भीर रूप से धायल हो गईं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

