प्रयागराज मंडल में जलवायु परिवर्तन और स्वच्छता जागरूकता पर जोर
प्रयागराज 29 मई (आरएनएस )। प्रयागराज मंडल में विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर र पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को मंडल कार्यालय परिसर में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में यह अभियान 15 मई से 5 जून तक ‘क्लाइमेट चेंजÓ थीम पर केंद्रित है। इसका उद्देश्य रेलवे परिसरों को स्वच्छ, हरित और प्लास्टिक मुक्त बनाना है। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार ने पौधारोपण किया, जबकि वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी वैभव कुमार गुप्ता सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, इस अभियान के तहत रेलवे स्टेशनों, कॉलोनियों और कार्यालय परिसरों में स्वच्छता, जल संरक्षण, ऊर्जा बचत और प्लास्टिक उन्मूलन को बढ़ावा दिया जा रहा है। ‘मिशन लाइफÓ के अंतर्गत पोस्टर, बैनर और डिजिटल संदेशों के माध्यम से लोगों को जलवायु परिवर्तन के प्रभावों और पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
अभियान में यात्रियों और कर्मचारियों को पुन: उपयोग योग्य बोतलों, बैगों और कंटेनरों के उपयोग के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, डिजिटल टिकटिंग और पेपरलेस यात्रा को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। रेलवे स्टेशनों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर कचरा पृथक्करण और उसके उचित निस्तारण के प्रति भी जागरूकता फैलाई जा रही है।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि प्रयागराज मंडल के विभिन्न स्टेशनों और रेलवे परिसरों में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत लगातार वृक्षारोपण जारी है, जिसका उद्देश्य हरित और स्वच्छ वातावरण का निर्माण करना है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

