रायपुर, 29 मई (आरएनएस)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप आयोजित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत अभनपुर विकासखण्ड के ग्राम पंचायत उपरवारा में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याओं एवं आवश्यक सेवाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
शिविर में कुल 1555 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 995 आवेदनों का तत्काल निराकरण किया गया। इनमें मुख्य रूप से राशन कार्ड, आधार कार्ड, श्रम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस सहित विभिन्न दस्तावेजों से जुड़े प्रकरण शामिल रहे। मौके पर ही समाधान मिलने से ग्रामीणों में उत्साह और संतोष का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में विधायक इंद्रकुमार साहू ने विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित किया। इस दौरान मनरेगा जॉब कार्ड, श्रम कार्ड एवं उनके नवीनीकरण, ड्राइविंग लाइसेंस वितरण की प्रक्रिया संपन्न हुई। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अन्नप्राशन एवं गोदभराई कार्यक्रम आयोजित किए गए। कृषि विभाग द्वारा किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधा प्रदान की गई, वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड बनाए गए। समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांग हितग्राहियों को साइकिल एवं ट्राइसाइकिल वितरित की गई। इसके अलावा पीएम आवास योजना के हितग्राहियों को उनके नए आवास की चाबियां भी सौंपी गईं।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर नवीन कुमार ठाकुर, एसडीएम रवि सिंह, अभनपुर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दीपक ठाकुर, अभनपुर तहसीलदार सीता शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

