आजमगढ़ 29 मई (आर एन एस)पुलिस की अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई करते हुए नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक आरोपी तथा गैंगस्टर एक्ट में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय भेज दिया है।
आजमगढ़। जनपद के थाना कन्धरापुर और थाना तरवां पुलिस को शुक्रवार को बड़ी सफलता मिली। कन्धरापुर पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि तरवां पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित एक अभियुक्त को दबोच लिया।
थाना कन्धरापुर क्षेत्र के इसहाकपुर निवासी जनार्दन यादव ने 7 मई 2026 को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके पुत्र अमन को टीटी पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर अमित कुमार श्रीवास्तव उर्फ दीपक निवासी कमला नगर कॉलोनी, लालपुर पाण्डेयपुर, वाराणसी ने 9 लाख 63 हजार 500 रुपये ले लिए। आरोपी ने विश्वास दिलाने के लिए फर्जी टीटी आईडी कार्ड भी बनाकर दिया। बाद में पैसा वापस मांगने पर आरोपी गाली-गलौज करने लगा। इस मामले में थाना कन्धरापुर पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही थी।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 8:10 बजे उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार मद्धेशिया और उनकी टीम ने आरोपी अमित कुमार श्रीवास्तव उर्फ दीपक को भंवरनाथ-वाराणसी हाईवे तिराहा से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस टीम में रि.का. नीरज कुमार यादव और रि.का. अभिषेक कुमार गौड़ शामिल रहे। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को धनराशि देने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें।
वहीं दूसरी ओर थाना तरवां पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित अभियुक्त मनीष राजभर को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार यह गिरोह क्षेत्र में पानी की मोटर और वाहन चोरी की घटनाओं में सक्रिय था। गिरोह के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं और इसकी गतिविधियों से क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ था। जिलाधिकारी की स्वीकृति के बाद गिरोह के पांच सदस्यों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी।
थानाध्यक्ष चन्द्रदीप कुमार ने पुलिस टीम के साथ शुक्रवार सुबह करीब 6:50 बजे तरवां नहर पुलिया के पास से मनीष राजभर निवासी भिलिहिली थाना तरवां को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार करने वाली टीम में हेड कांस्टेबल अमरजीत, कांस्टेबल नितेश चौरसिया और महिला कांस्टेबल प्रीती शामिल रहीं।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा चोरी और ठगी जैसी घटनाओं में शामिल आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

