आजमगढ़ 29 मई (आर एन एस)आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अतरौलिया की राजनीति में सरगर्मी तेज हो गई है। मत्स्य विभाग के कैबिनेट मंत्री एवं निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद ने अतरौलिया विधानसभा सीट पर निषाद पार्टी की दावेदारी को लेकर बड़ा और स्पष्ट बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र से निषाद पार्टी ही चुनाव लड़ेगी और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रशांत सिंह ही यहां से प्रत्याशी होंगे।
डॉ. संजय निषाद बीती रात क्षेत्र के ग्राम पचरी भगतपुर में आयोजित निषाद पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रशांत सिंह के जन्मोत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे। कार्यक्रम में पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। देर रात तक चले कार्यक्रम में क्षेत्रीय नेताओं, समर्थकों और कार्यकर्ताओं का भारी जमावड़ा लगा रहा।
लोगो को संबोधित करते हुए डॉ. संजय निषाद ने कहा कि अतरौलिया विधानसभा सीट पर सबसे पहला अधिकार निषाद पार्टी का है। उन्होंने कहा, “जब तक देश के गृहमंत्री अमित शाह की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं होती, तब तक अतरौलिया सीट निषाद पार्टी की है और निषाद पार्टी की ही रहेगी। यहां निषाद समाज की संख्या सबसे अधिक है और पार्टी का जनाधार लगातार मजबूत हो रहा है।”
उन्होंने साफ तौर पर कहा कि पार्टी संगठन और कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ चुनाव की तैयारी में जुट जाएं। प्रशांत सिंह को पार्टी का मजबूत चेहरा बताते हुए उन्होंने कहा कि वे लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनता के बीच काम कर रहे हैं और जनता का उन्हें भरपूर समर्थन मिल रहा है।
सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. निषाद ने कहा कि गठबंधन राजनीति में सहयोगी दलों के बीच समन्वय और सम्मान बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि राजभर समाज और निषाद समाज दोनों एक-दूसरे के सहयोग से ही राजनीतिक रूप से मजबूत हो सकते हैं। किसी भी समाज को नाराज करके चुनाव जीतना संभव नहीं है।
सीटों के बंटवारे को लेकर उन्होंने भाजपा नेतृत्व के सामने एक नया फॉर्मूला भी रखा। डॉ. निषाद ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा जहां-जहां चुनाव हारी है, वह सीटें निषाद पार्टी को दे दी जाएं। निषाद पार्टी उन सीटों पर गठबंधन को जीत दिलाने का काम करेगी। उन्होंने दावा किया कि आजमगढ़ जिले की सभी दस विधानसभा सीटों पर निषाद मतदाता निर्णायक भूमिका में हैं और पार्टी को मौका मिलने पर वह मजबूती से चुनाव लड़कर जीत दर्ज करेगी।
आरक्षण के मुद्दे पर भी डॉ. संजय निषाद ने समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों की सरकारों ने निषाद समाज को उनके अधिकारों से वंचित रखने का काम किया है। उन्होंने कहा कि निषाद समाज अपने अधिकारों और आरक्षण की लड़ाई लगातार लड़ता रहेगा और समाज अब राजनीतिक रूप से पूरी तरह जागरूक हो चुका है।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. संजय निषाद ने प्रशांत सिंह को गले लगाकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके दीर्घायु होने की कामना की। मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी प्रशांत सिंह को शुभकामनाएं देते हुए आगामी चुनाव में पूरी ताकत से जुटने का भरोसा दिलाया। देर रात तक कार्यक्रम स्थल पर राजनीतिक चर्चाओं का दौर चलता रहा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

