रायपुर 29 मई (आरएनएस) “एक रात, नौ चेकिंग पॉइंट और 58 नशे में धुत वाहन चालक… रायपुर ट्रैफिक पुलिस का यह अभियान उन लोगों के लिए बड़ा संदेश बनकर सामने आया है जो शराब पीकर सड़क को मौत का मैदान बना देते हैं।” राजधानी रायपुर में सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 28 मई की रात विशेष ड्रंक एंड ड्राइव अभियान चलाया। पुलिस कमिश्नर और प्रभारी पुलिस उपायुक्त यातायात के निर्देश पर एसीपी यातायात सतीश ठाकुर के नेतृत्व में तेलीबांधा चौक, पचपेड़ी नाका, भाठागांव, टाटीबंध, कालीबाड़ी, जयस्तंभ, भनपुरी और पंडरी थाना क्षेत्र सहित शहर के 9 प्रमुख स्थानों पर सघन जांच की गई। इस दौरान शराब के नशे में वाहन चलाते हुए 58 चालक पकड़े गए।
पुलिस की जांच में 44 कार चालक, 5 बाइक चालक, 3 ट्रक चालक, 1 टाटा एस, 1 मेटाडोर, 1 माज़दा, 1 ट्रैक्टर, 1 ई-रिक्शा और 1 पिकअप चालक नशे की हालत में वाहन चलाते मिले। सभी के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम 1988 के तहत चालानी कार्रवाई की गई है और उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। यातायात पुलिस के अनुसार यह अभियान किसी लक्ष्य को पूरा करने के लिए नहीं बल्कि सड़क हादसों में कमी लाने और आम नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
रायपुर यातायात पुलिस ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक कुल 3356 नशेड़ी वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का मानना है कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि यह खुद चालक और अन्य लोगों के जीवन के लिए गंभीर खतरा भी है। इसलिए शहर में लगातार निगरानी और विशेष अभियान जारी रखे जाएंगे।
बहरहाल, रायपुर ट्रैफिक पुलिस का साफ संदेश है—स्टेयरिंग पर बैठने से पहले शराब को ना कहिए, क्योंकि एक गलती आपकी ही नहीं, किसी और की जिंदगी भी छीन सकती है।

