सारंगढ़-बिलाईगढ़, 29 मई 2026 (आरएनएस) जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और आम नागरिकों के स्वास्थ्य संरक्षण के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने फल विक्रेताओं के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। कलेक्टर पद्मनी भोई साहू के निर्देश पर पिछले तीन दिनों के दौरान सारंगढ़, बरमकेला और बिलाईगढ़ क्षेत्र की 30 से अधिक फल दुकानों का निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान अधिकारियों ने दुकानों में स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा मानकों और आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण किया। निरीक्षण में विभिन्न स्थानों पर करीब 50 किलो खराब एवं सड़े-गले फल पाए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया। जिन व्यापारियों के पास खाद्य पंजीयन उपलब्ध नहीं था, उन्हें शीघ्र पंजीयन प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए।
अभियान के दौरान दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने, स्वच्छता बनाए रखने और गुणवत्तायुक्त फल विक्रय करने के संबंध में भी समझाइश दी गई। इस कार्रवाई में अभिहित अधिकारी भारत भूषण पटेल, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेमीचंद पटेल तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी वरुण पटेल शामिल रहे।


