सारंगढ़-बिलाईगढ़, 29 मई 2026 (आरएनएस) अर्धवार्षिकी आयु पूर्ण कर शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कलेक्टर पद्मनी भोई साहू ने पेंशन प्राधिकार पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को उनके सेवाकाल के दौरान निभाई गई जिम्मेदारियों और जनहित में किए गए कार्यों के लिए शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में कलेक्टर ने सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने में कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है, जिसका योगदान सदैव याद रखा जाएगा।
इस अवसर पर उप संचालक डॉ. महेंद्र पाण्डेय, कोषालय अधिकारी उत्तम सिंह तुरकाने सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों में पशुधन विकास विभाग के जीवनलाल यादव (सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी), धरमलाल यादव (ड्रेसर), गंगाधर मालाकार (पशु परिचारक), जिला कोषालय सारंगढ़-बिलाईगढ़ के लेखापाल सुरेश कुमार साहू तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सहायक लेखाधिकारी एम.आर. लहरे शामिल हैं।


