रायपुर, 30 मई (आरएनएस)। राजधानी में नौकरी और धार्मिक यात्रा के नाम पर ठगी के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। एक मामले में वन विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवक से 11 लाख रुपए ठग लिए गए, जबकि दूसरे मामले में चारधाम यात्रा की टिकट बुकिंग के नाम पर बुजुर्ग से 90 हजार रुपए ऐंठ लिए गए।
सरस्वती नगर थाना क्षेत्र के ग्राम सोनाखान वार्ड क्रमांक-2 निवासी प्रकाश ठाकुर (28) ने शिकायत दर्ज कराई है कि डंगनिया स्थित बिजली ऑफिस के पास रहने वाले दीपराज गायकवाड़ (34) ने वन विभाग में पहचान होने का दावा करते हुए वन रक्षक भर्ती में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। आरोपी ने 11 जून 2025 को नौकरी लगवाने के नाम पर प्रकाश से 11 लाख रुपए ले लिए। लंबे समय तक नौकरी नहीं लगने और रकम वापस मांगने पर आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। परेशान होकर पीडि़त ने पुलिस की शरण ली, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, कोतवाली थाना क्षेत्र में चारधाम यात्रा के नाम पर ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। शैलेन्द्र नगर निवासी के. राजगोपाल (62) ने पुलिस को बताया कि 11 मार्च को उन्हें एक व्यक्ति ने फोन कर केदारनाथ सहित चारधाम यात्रा सस्ती दरों पर कराने का प्रस्ताव दिया। आरोपी ने टिकट बुकिंग और यात्रा व्यवस्था के नाम पर 12 दिनों के भीतर 90 हजार रुपए विभिन्न माध्यमों से ट्रांसफर करा लिए। निर्धारित समय बीतने के बावजूद न तो टिकट मिला और न ही कोई यात्रा कार्यक्रम उपलब्ध कराया गया। खुद को ठगा महसूस होने पर राजगोपाल ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अज्ञात आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

