नई दिल्ली 30 may, (Rns) । अनूपपुर और उमरिया जिले की सीमा पर पुष्पराजगढ़ तहसील क्षेत्र के करनपठार थाना क्षेत्र अंतर्गत सरई चौकी के तिवनी गांव के पास शुक्रवार शाम एक बड़े सड़क हादसे में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पुलिया से नीचे गिर गई। इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने बताया कि जिले के गिंजरी, पड़मनिया गांव के ग्रामीण परिवारों के साथ बिजौरा ग्राम पंचायत के तिवनी जंगल में पूजा करने आए थे। शाम को लौटते समय पुलिया पर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद ट्रॉली में सवार ग्रामीण करीब दस फीट नीचे जा गिरे। बताया गया ट्रॉली में कुल लगभग 40 से अधिक लोग सवार थे।
सूचना मिलते ही उमरिया जिले के पाली थाना पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। 108 एम्बुलेंस की मदद से घायलों को पाली अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को शहडोल मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे में 22 पुरुष, 14 महिलाएं और 5 बच्चे घायल बताए गए हैं। अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल रहा और बड़ी संख्या में परिजन पहुंच गए

