पूर्व मेदिनीपुर 16 जुलाई (आरएनएस)। जहां एक तरफ पूरा राज्य जगन्नाथ रथयात्रा के पावन रंग में रंगा रहा वहीं दूसरी तरफ पूर्व मेदिनीपुर जिले के नंदकुमार क्षेत्र से एक बेहद दुखद और भयावह खबर सामने आई है। गुरुवार की सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-116बी (एनएच-116बी) पर एक बेकाबू मालवाहक वाहन ने सड़क किनारे खड़ी यात्री बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे में बस चालक समेत चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
पूर्व मेदिनीपुर जिले के नंदकुमार क्षेत्र में हुए इस भीषण सड़क हादसा के मृतकों की पहचान तपन दास, शिवब्रत पटनायक, अशोक माइती तथा शुभदीप मंडल के रूप में हुई है। मृतकों में बस चालक भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, कोलकाता से दीघा जा रही एक यात्री बस में यांत्रिक खराबी आने के कारण उसे सड़क किनारे खड़ा किया गया था। चालक और बसकर्मी उसकी मरम्मत में जुटे थे तथा यात्रियों को पहले ही बस से नीचे उतार दिया गया था। इसी दौरान दीघा की ओर जा रहा एक तेज गति का मालवाहक वाहन अनियंत्रित होकर पीछे से बस में जा टकराया। टक्कर इतनी भयावह थी कि घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य प्रारंभ करते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर खेजुरी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को हेरिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। तीन घायलों को बेहतर उपचार के लिए तमलुक जिला अस्पताल भेजा गया है। दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-116बी पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मालवाहक वाहन को जब्त कर लिया है। हालांकि उसका चालक घटना के बाद फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।पवित्र रथयात्रा के पावन दिन हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे पूर्व मेदिनीपुर जिले को झकझोर कर रख दिया है। त्योहार के दिन चार परिवारों में पसरे इस मातम से स्थानीय लोग बेहद मर्माहत हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की कानूनी जांच शुरू कर दी है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

