धमतरी 30 मई (आरएनएस) तीन दिनों से घर से लापता एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला भटकते-भटकते अपने परिवार से दूर पहुंच गई थी, लेकिन धमतरी पुलिस की संवेदनशीलता और मानवीय पहल ने उसे फिर से अपनों की गोद तक पहुंचा दिया। यह मामला उस समय सामने आया जब थाना अर्जुनी पुलिस की नियमित पेट्रोलिंग टीम को ग्राम अमेठी क्षेत्र में एक महिला संदिग्ध अवस्था में अकेले भटकती हुई मिली। पेट्रोलिंग पर मौजूद सहायक उप निरीक्षक रामसिंह साहू और आरक्षक संजय ठाकुर ने महिला को सुरक्षित अपने संरक्षण में लेकर धैर्यपूर्वक पूछताछ शुरू की। महिला ने अपना नाम दशोदा बाई नेताम, पति खिलावन नेताम, निवासी ग्राम टेकापाल, जिला बालोद बताया। बातचीत के दौरान पुलिस को उसकी मानसिक स्थिति अस्वस्थ प्रतीत हुई, जिसके बाद अधिकारियों ने मानवीय संवेदनशीलता के साथ महिला की पहचान और उसके परिवार तक पहुंचने का प्रयास शुरू किया। लगातार समझाइश और पूछताछ के बाद महिला ने अपने भाई हेम कुमार नेताम के पलारी में रहने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही अर्जुनी पुलिस ने तत्काल संपर्क स्थापित कर परिजनों को पूरे मामले से अवगत कराया। पुलिस की सूचना पर महिला के भाई हेम कुमार नेताम और उनके भतीजे थाना पहुंचे। पहचान और आवश्यक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद महिला को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों ने अपनी बहन को सुरक्षित वापस पाकर राहत की सांस ली और अर्जुनी पुलिस, सहायक उप निरीक्षक रामसिंह साहू, आरक्षक संजय ठाकुर तथा धमतरी पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिले में लगातार जनसेवा और सहायता से जुड़े अभियान चलाए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक समय पर मदद पहुंचाना है। बहरहाल, यह घटना साबित करती है कि पुलिस सिर्फ कानून की रखवाली ही नहीं करती, बल्कि जरूरत पड़ने पर किसी परिवार की बिछड़ी खुशियां भी वापस लौटा सकती है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

