कोरिया, 30 मई (आरएनएस ) हाथ में नंगी धारदार तलवार लेकर सड़क पर आतंक मचा रहे एक युवक का खौफ उस समय खत्म हो गया जब पटना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। थाना पटना क्षेत्र के ग्राम जमगहना बायपास रोड में शनिवार को एक व्यक्ति द्वारा खुलेआम तलवार लहराकर लोगों में भय और दहशत फैलाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उप निरीक्षक प्रमोद पांडे अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने स्वतंत्र साक्षियों की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए आरोपी संतोष सिंह, निवासी ग्राम कसरा को घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार लोहे की नंगी तलवार बरामद हुई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराकर आम लोगों में डर का माहौल पैदा कर रहा था और शांति एवं कानून व्यवस्था भंग करने का प्रयास कर रहा था। आरोपी की इस हरकत से आसपास मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया था।
पटना पुलिस ने तत्काल आरोपी को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई पूरी की और न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के निर्देश पर आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल बैकुंठपुर भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक प्रमोद पांडे की अहम भूमिका रही। थाना पटना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
बहरहाल, पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों के दम पर दहशत फैलाने वालों के लिए कानून का शिकंजा हमेशा तैयार है।

