रायगढ़ 30 मई (आरएनएस)। नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने निकली रायगढ़ पुलिस ने कुडुमकेला गांव में ऐसा छापा मारा कि अवैध महुआ शराब बेचने का पूरा खेल बेनकाब हो गया। घर की परछी में शराब का जखीरा सजाकर ग्राहकों का इंतजार कर रही महिला पुलिस के हत्थे चढ़ गई, जबकि वहां मौजूद कई शराबी पुलिस को देखते ही मौके से भाग निकले। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत थाना घरघोड़ा पुलिस ने ग्राम कुडुमकेला में विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बरपारा निवासी सिरमोती मांझी (45 वर्ष) अपने घर में बड़ी मात्रा में कच्ची महुआ शराब रखकर अवैध बिक्री कर रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम स्वतंत्र गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस की मौजूदगी देखते ही शराब पीने पहुंचे कुछ लोग मौके से फरार हो गए, जबकि घर में मौजूद महिला से पूछताछ की गई। पूछताछ में सिरमोती मांझी ने अवैध रूप से शराब रखने और बेचने की बात स्वीकार कर ली। तलाशी के दौरान पुलिस ने तीन प्लास्टिक जरीकेन से कुल 26 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत 5,200 रुपये बताई गई। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 250 रुपये नगद भी जब्त किए गए। आरोपी महिला के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक डेविड टोप्पो, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक, आरक्षक हरीश पटेल, उद्धो पटेल और महिला आरक्षक सम्पत्ति भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बहरहाल, रायगढ़ पुलिस ने साफ संकेत दे दिया है कि नशे और अवैध शराब के कारोबारियों के लिए जिले में अब कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं बचा है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

