भवानी भवन में पूछताछ के लिए किया तलब
कोलकाता,30 मई(आरएनएस)। राज्य की जांच एजेंसी सीआईडी ने तृणमूल कांग्रेस के सांसद और राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी को पूछताछ के लिए समन जारी किया है। इस नोटिस के बाद राज्य का राजनीतिक पारा एक बार फिर गरमा गया है। सीआईडी की टीम तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी को नोटिस देने उनके घर पहुंची। पहले सीआईडी अधिकारी हरिश मुखर्जी स्ट्रीट स्थित ‘शांतिनिकेतनÓ पहुंचे, लेकिन वहां अभिषेक नहीं मिले। इसके बाद टीम कालीघाट स्थित उनके आवास पर पहुंची, जहां कुछ देर इंतजार के बाद अभिषेक बनर्जी ने खुद नोटिस स्वीकार किया। सूत्रों के मुताबिक, सीआईडी ने अभिषेक बनर्जी को सोमवार, 1 जून को भवानी भवन में पूछताछ के लिए तलब किया है। बताया जा रहा है कि यह नोटिस एक चल रही जांच के सिलसिले में जारी किया गया है।
नोटिस मिलने के बाद पत्रकारों से बातचीत में अभिषेक बनर्जी ने कहा कि उन्होंने अभी तक नोटिस नहीं पढ़ा है और पहले अपने वकील से सलाह लेंगे। उन्होंने कहा कि अगर जांच में उनकी जरूरत होगी तो वह पूरा सहयोग करेंगे।अभिषेक ने कहा, “ईडी और सीबीआई ने पहले भी जितनी बार बुलाया, मैं गया हूं और हर सवाल का जवाब दिया है। लेकिन मैं किसी जांच के डर से किसी दूसरी पार्टी में नहीं गया। हम अलग मिट्टी के बने हैं, सिर झुकाने वालों में से नहीं हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि चाहे जितना दबाव बनाया जाए, नोटिस भेजे जाएं या डराने की कोशिश हो, उन्हें दबाया नहीं जा सकता। शनिवार दोपहर सीआईडी की चार सदस्यीय टीम पहले हरिश मुखर्जी स्ट्रीट स्थित अभिषेक बनर्जी के आवास ‘शांतिनिकेतनÓ पहुंची। वहां अभिषेक या उनके परिवार के सदस्य मौजूद नहीं थे। सुरक्षा कर्मियों से बातचीत के बाद टीम कालीघाट स्थित उनके दूसरे आवास पहुंची, जहां अभिषेक ने नीचे आकर नोटिस स्वीकार किया। अभिषेक बनर्जी के बाद सीआईडी की टीम बेलियाघाटा विधायक कुणाल घोष के घर भी पहुंची और उन्हें भी नोटिस सौंपा गया। इस घटनाक्रम के बाद बंगाल की राजनीति में हलचल और तेज हो गई है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

