० एसपी किरण चव्हाण के मुख्य आतिथ्य में ग्रीष्मकालीन खेलकूद शिविर का भव्य समापन
सुकमा, 30 मई (आरएनएस)। जिला प्रशासन की दूरगामी सोच और प्रतिबद्धता के चलते सुकमा जिले के खेल प्रेमियों और युवा प्रतिभाओं को आगे बढऩे का एक शानदार मंच मिला है। कलेक्टर अमित कुमार और जिला सीईओ मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित 22 दिवसीय जिला स्तरीय ग्रीष्मकालीन खेलकूद प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को गरिमामय समापन हुआ। प्रशासन की इस अनूठी पहल ने सुकमा जैसे सुदूर अंचल के बच्चों में न केवल खेलों के प्रति उत्साह जगाया, बल्कि उन्हें अपनी खेल प्रतिभा को निखारने का एक बेहतरीन और सुरक्षित अवसर भी प्रदान किया। इस अवसर पर प्रशिक्षकों को प्रोत्साहन स्मृति चिन्ह और खिलाडियों को प्रमाण पत्र और मैडल का वितरण किया गया।
प्रशासन की संवेदनशीलता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि शिविर में शामिल सभी 225 से अधिक युवा खिलाडिय़ों को उच्च स्तरीय और पेशेवर प्रशिक्षण पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराया गया। कराटे, बैडमिंटन, फुटबॉल, क्रिकेट, हॉकी और योग जैसी विभिन्न खेल विधाओं के लिए प्रशासन ने न केवल स्थानीय बल्कि बाहरी क्षेत्रों के अनुभवी प्रशिक्षकों की सेवाएं सुनिश्चित कीं। इसके साथ ही, खिलाडिय़ों के उत्साहवर्धन और उनकी आर्थिक बाधाओं को दूर करने के लिए प्रशासन द्वारा आवश्यक खेल सामग्रियां भी पूर्णत: नि:शुल्क वितरित की गईं।
युवाओं के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने इस कड़कड़ाती धूप और गर्मी के मौसम में विशेष इंतजाम किए थे। दो सत्रों (सुबह और शाम) में आयोजित इस प्रशिक्षण के दौरान खिलाडिय़ों के स्टेमिना और सेहत का पूरा ख्याल रखा गया। सुबह के सत्र में जहां खिलाडिय़ों को ऊर्जा से भरपूर पौष्टिक आहार (चना और गुड़) दिया जाता था, वहीं शाम के कड़े अभ्यास सत्र के बाद उन्हें हाइड्रेटेड रखने के लिए ग्लूकोज की नि:शुल्क व्यवस्था की गई थी। प्रशासन का यह प्रबंध दर्शाता है कि वे युवाओं के शारीरिक विकास को लेकर कितने गंभीर हैं।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने खिलाडिय़ों का हौसला बढ़ाते हुए प्रशासन के इस सफल आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद युवाओं के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए बेहद जरूरी हैं, जिससे तनाव दूर होता है और शरीर चुस्त-दुरुस्त रहता है। इस सफल आयोजन ने यह साबित कर दिया है कि सुकमा जिला प्रशासन स्थानीय युवाओं को मुख्यधारा से जोडऩे, उनकी ऊर्जा को सही दिशा देने और उन्हें देश का भविष्य बनाने के लिए पूरी तरह मुस्तैद और संकल्पित है। इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी वीरूपाक्ष पौराणिक, सहायक खेल अधिकारी कोसरिया, सभी कोच, खिलाडीगण और वरिष्ठ पत्रकार उपस्थित थे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

