बीरभूम,30 मई(आरएनएस)। जिले के मोहम्मद बाजार थाना क्षेत्र के राजधरपुर में एक रसूखदार बालू कारोबारी व एक तृणमूल नेता के करीबी लवन शेख के ठिकानों पर जिला पुलिस द्वारा की गई छापेमारी में भारी मात्रा में नकदी यानी नोटों का पहाड़ बरामद हुआ है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। तलाशी के दौरान घर व कार्यालयों के अलग-अलग हिस्सों और लॉकरों से 500 रुपये के नोटों के भारी-भरकम बंडल बरामद किए गए। बरामद रकम इतनी बड़ी है कि नोटों को गिनने के लिए बैंक अधिकारियों और मशीनों को मंगवाना पड़ा। पुलिस के दावों के अनुसार, मुख्य आरोपी का नाम लवण शेख है, जो लंबे समय से इलाके में बालू के कारोबार से जुड़ा हुआ है। जब पुलिस ने उसके घर से सटे दफ्तर की सघन तलाशी ली, तो वहां से कुल 49 लाख 75 हजार रुपये की भारी-भरकम नकदी बरामद हुई। इसके अलावा, तलाशी के दौरान 502 ग्राम (लगभग आधा किलो) सोने के गहने भी जब्त किए गए हैं। इस नकदी और सोने के स्रोतों को लेकर कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं किया जा सका। इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके से शमीम शेख नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही मुख्य आरोपी लवण शेख और उसके दो अन्य सहयोगी मौके से फरार होने में कामयाब रहे। फरार आरोपियों की तलाश में मोहम्मद बाजार थाने की पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। इस घटना के बाद से पूरे राज्यधरपुर गांव और आस-पास के इलाकों में भारी तनाव और उत्तेजना का माहौल है। पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि एक बालू कारोबारी के पास इतनी बड़ी मात्रा में नकदी और सोना कहां से आया, और क्या इसके पीछे कोई बड़ा अवैध बालू खनन का रैकेट काम कर रहा है। बहरहाल बता दे कि, यह महत्वपूर्ण छापेमारी राज्य की नई भाजपा-नेतृत्व वाली सरकार द्वारा चलाए जा रहे व्यापक भ्रष्टाचार-विरोधी अभियान के अनुरूप है। हाल ही में हुए सत्ता परिवर्तन के बाद, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी सरकार ने पश्चिम बंगाल भर में जड़े जमा चुके गिरोहों को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए एक व्यापक अभियान शुरू किया है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

