जगदलपुर 15 जुलाई 2026/बस्तर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में मामूली विवाद खूनी हमले में बदल गया। महारानी वार्ड निवासी 18 वर्षीय देव कुड़ियां उर्फ कोदू को पुलिस ने युवक पर धारदार चाकू से जानलेवा हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पहले गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी, फिर हत्या की नीयत से पीड़ित के पेट के बाएं हिस्से में चाकू मार दिया। घायल युवक का उपचार जारी है। मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया।
घटना 13 जुलाई 2026 की बताई गई है। पुलिस के मुताबिक पीड़ित अपने मोबाइल चार्जर और माइक वापस लेने आरोपी के पास पहुंचा था। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ और आरोपी देव कुड़ियां उर्फ कोदू, पिता गुज्जा राम, उम्र 18 वर्ष 2 माह, निवासी महारानी वार्ड, जगदलपुर ने आपा खोते हुए गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और अपने पास रखे धारदार चाकू से हमला कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली थाना में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग, नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक लीलाधर राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने वारदात स्वीकार कर ली, जिसके बाद घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद कर जब्त किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी पूर्व में गृह अतिचार, घर में आग लगाने और चोरी जैसे मामलों में भी संप्रेक्षण गृह जा चुका है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
फिलहाल, बस्तर पुलिस जिले में आदतन बदमाशों और आपराधिक तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चला रही है। गौरतलब है कि इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

