रायपुर, 30 मई (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के थाना गंज क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि पुरानी रंजिश और लेन-देन के विवाद के चलते आरोपियों ने युवक पर धारदार हथियार से हमला किया था, जिससे उसकी मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, 28 मई 2026 की रात करीब 12:30 बजे आशीष गरुड पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल आशीष को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी हालत बिगडऩे पर मेकाहारा अस्पताल में मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले को हत्या में परिवर्तित कर जांच तेज कर दी।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इस दौरान पता चला कि घटना से पहले आशीष गरुड को राज नायक के साथ देखा गया था। पुलिस ने संदेह के आधार पर राज नायक और उसके साथी प्रकाश सोना उर्फ टेरा की गतिविधियों पर नजर रखी।
मामले की जांच के लिए थाना गंज पुलिस, एसीसीयू रायपुर क्राइम ब्रांच, थाना गुढिय़ारी और रामनगर चौकी की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने तेलघानी नाका, रेलवे स्टेशन सहित आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच में आरोपियों की मौजूदगी और घटना के बाद उनके फरार होने के साक्ष्य मिले।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि मृतक के साथ पुराने लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। विवाद बढऩे पर राज नायक ने धारदार हथियार से हमला कर दिया और दोनों आरोपी साइकिल से मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है। वैज्ञानिक, तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करना बड़ी सफलता है। फिलहाल प्रकरण की आगे की जांच जारी है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

