रायगढ़ 30 मई (आरएनएस ) एक युवती के साथ दुष्कर्म की शिकायत सामने आते ही रायगढ़ पुलिस हरकत में आई और महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। महिला थाना की इस त्वरित कार्रवाई ने साफ कर दिया कि महिलाओं और युवतियों के खिलाफ अपराध करने वालों को कानून से बचने का मौका नहीं मिलेगा। मामला थाना चक्रधरनगर क्षेत्र का है, जहां एक महिला ने महिला थाना रायगढ़ पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी 19 वर्षीय पुत्री के साथ युवक कुश सिदार उर्फ छोटे ने दुष्कर्म किया है। महिला ने पुलिस को बताया कि वह 25 मई को अपने काम से ओडिशा गई हुई थी। 27 मई को घर लौटने के बाद उसे घटना की जानकारी मिली। पूछताछ करने पर युवती ने बताया कि 26 मई की सुबह उसके पिता घर से बाहर गए हुए थे, तभी कुश सिदार उर्फ छोटे घर पहुंचा और उसके साथ गलत कार्य किया।
शिकायत मिलते ही महिला थाना रायगढ़ ने आरोपी कुश सिदार उर्फ छोटे पिता चैन सिंह, उम्र 19 वर्ष, के खिलाफ अपराध क्रमांक 50/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(k) के तहत मामला कायम किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में जुट गई। महिला थाना की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 28 मई को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
डीएसपी उन्नति ठाकुर के पर्यवेक्षण में हुई इस कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे और महिला थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रायगढ़ पुलिस का कहना है कि महिलाओं, युवतियों और कमजोर वर्गों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा। बहरहाल, इस कार्रवाई ने एक बार फिर संदेश दिया है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों के लिए रायगढ़ पुलिस की पकड़ से बच निकलना आसान नहीं है।


