दुर्ग 30 मई (आरएनएस ) हाथ में धारदार बटन चाकू लेकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाला एक आदतन बदमाश उस समय पुलिस के शिकंजे में आ गया, जब लोगों में दहशत फैलाने की उसकी हरकत की सूचना सीधे पुलिस तक पहुंच गई। दुर्ग जिले के थाना वैशाली नगर क्षेत्र स्थित शांति नगर दशहरा मैदान गेट के पास एक युवक खुलेआम चाकू लहराकर आम लोगों और राहगीरों को भयभीत कर रहा था। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में वैशाली नगर पुलिस की टीम तत्काल मौके पर रवाना हुई। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम एस. सचिन उर्फ जहर पिता एस. शिवकुमार, उम्र 24 वर्ष, निवासी घासीदास नगर अटल आवास जामुल बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक नग धारदार बटन चाकू बरामद किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी सार्वजनिक स्थान पर हथियार के दम पर लोगों में भय और आतंक का माहौल पैदा कर रहा था, जिससे क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी। पुलिस ने मौके पर ही चाकू जब्त कर आरोपी के खिलाफ थाना वैशाली नगर में अपराध क्रमांक 202/2026 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया। विधिवत कार्रवाई के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में थाना वैशाली नगर पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही। फिलहाल, दुर्ग पुलिस ने साफ संदेश दे दिया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार के दम पर दहशत फैलाने वालों के लिए कानून का शिकंजा हर वक्त तैयार है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

