दुर्ग 30 मई (आरएनएस) घर की बाड़ी में गांजे के पौधे छिपाकर अवैध कारोबार चलाने की तैयारी कर रहे एक आरोपी का पूरा खेल नेवई पुलिस ने उजागर कर दिया। ऑपरेशन विश्वास के तहत की गई त्वरित कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर उसके कब्जे से गांजे के चार सूखे पौधे बरामद किए हैं। बरामद मादक पदार्थ की कीमत करीब 30 हजार रुपये आंकी गई है। मामले ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि दुर्ग पुलिस नशे के कारोबारियों पर लगातार शिकंजा कस रही है और अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान को और तेज कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 मई 2026 को थाना नेवई पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एचएससीएल कॉलोनी शिवपारा स्टेशन मरौदा निवासी महावीर मेहता पिता स्वर्गीय मोहन मेहता, उम्र 65 वर्ष अपने घर की बाड़ी में अवैध रूप से विक्रय करने के उद्देश्य से गांजे के सूखे पौधे छिपाकर रखा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अनिल कुमार साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और विधिवत कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान घर की बाड़ी से गांजे के 04 सूखे पौधे, तना और जड़ सहित कुल 3.17 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 30 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने बरामद गांजे को जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया। जांच में आरोपी का कृत्य एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ए) के तहत अपराध पाए जाने पर अपराध क्रमांक 341/2026 दर्ज किया गया। इसके बाद आरोपी को 29 मई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अनिल कुमार साहू, उप निरीक्षक करन सोनकर, आरक्षक नारायण लाल ठाकुर, देवप्रकाश और प्यारे लाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बहरहाल, ऑपरेशन विश्वास के तहत दुर्ग पुलिस ने साफ संदेश दे दिया है कि नशे का कारोबार चाहे घर की चारदीवारी में क्यों न छिपा हो, कानून की नजर से बच पाना अब आसान नहीं है।


