हरिद्वार,30 मई(आरएनएस)। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर ऋषिकुल परिसर, उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय में शनिवार को नशामुक्ति और तंबाकू निषेध जागरूकता अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शोधार्थियों और शिक्षकों ने तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों पर चर्चा करते हुए समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। अगद तंत्र एवं विधि वैद्यक विभाग के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में पावरपॉइंट प्रस्तुति, पोस्टर प्रदर्शनी, जागरूकता वीडियो प्रदर्शन और शपथ ग्रहण जैसे आयोजन किए गए। वक्ताओं ने कहा कि तंबाकू और नशे की लत न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करती है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ता है। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाए जाने की आवश्यकता है। कार्यक्रम परिसर निदेशक प्रो. अनूप कुमार गख्खड़, प्रो. (डॉ.) रमेश चंद्र तिवारी, डॉ. वेद भूषण शर्मा और डॉ. भावना मित्तल के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रतिभागियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ट्रॉफी और पेन देकर सम्मानित भी किया गया। समापन अवसर पर सभी शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने शपथ ली कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे तथा अपने परिवार और समाज को भी इस सामाजिक बुराई से बचाने के लिए जागरूक करेंगे। डॉ. वेद भूषण शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन पर जोर दिया। कार्यक्रम में विभाग के शिक्षकों, स्नातकोत्तर शोधार्थियों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी की।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

