हरिद्वार,30 मई(आरएनएस)। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि मां गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। गंगा नदी में किसी भी दशा में कूड़ा-कचरा नहीं जाना चाहिए। यदि कोई व्यक्ति गंगा में कूड़ा डालकर प्रदूषण फैलाता पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को घाटों पर नियमित निगरानी बढ़ाने और प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला गंगा संरक्षण समिति की 73वीं बैठक शनिवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में नगर आयुक्त नंदन कुमार, प्रभागीय वनाधिकारी स्वप्निल अनिरुद्ध समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने नगर निगम को निर्देश दिए कि सभी घाटों पर ऐसे साइन बोर्ड लगाए जाएं, जिनके माध्यम से श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को गंगा में कूड़ा-कचरा व पुराने कपड़े न फेंकने के लिए जागरूक किया जा सके। साथ ही लाउडस्पीकर के जरिए भी लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। बैठक में हरकी पैड़ी क्षेत्र के घाटों और पुलों पर अतिक्रमण रोकने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि शहर और हरकी पैड़ी क्षेत्र में किसी भी स्थिति में सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं होना चाहिए। प्लास्टिक और पन्नी का इस्तेमाल करने वाले व्यापारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने क्षतिग्रस्त और उपेक्षित घाटों की सूची नगर निगम को उपलब्ध कराने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए चिन्हित पुलों पर शीघ्र सुरक्षा जालियां लगाने के निर्देश दिए। इसके अलावा जनपद में संचालित सभी सीवेज और सेप्टिक टैंकरों का अनिवार्य पंजीकरण एवं सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा। बिना पंजीकरण के कोई भी टैंकर संचालित नहीं होगा। साथ ही सीवेज को नालियों में डालने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने नगर निगम और सिंचाई विभाग को बरसात से पहले नालियों की सफाई प्राथमिकता के आधार पर कराने के निर्देश दिए, ताकि जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो सके। बैठक में नमामि गंगे परियोजना और गंगा संरक्षण से जुड़े विभिन्न मुद्दों की भी समीक्षा की गई। बैठक में नगर आयुक्त नंदन कुमार, प्रभागीय वनाधिकारी स्वप्निल अनिरुद्ध, अधिशासी अभियंता सिंचाई ओमजी गुप्ता ,प्रोजेक्ट मैनेजर पेयजल निगम (गंगा)मीनाक्षी मित्तल,सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा महिमानंद जोशी,आर ओ यूके पीसीबी डॉ राजेंद्र सिंह,उप मुख्य नगर आधिकारी एम के यादव, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ,जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे सत्यदेव आर्य ,समिति के सदस्य मनोज निषाद, हिमांशु सरीन एवं सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहें।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

