हरिद्वार,30 मई(आरएनएस)। गायत्री तीर्थ शांतिकुंज में आयोजित राष्ट्र रक्षा एवं आपदा सुरक्षा कार्यशाला में युवाओं और महिलाओं को आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन बचाने के महत्वपूर्ण उपायों का प्रशिक्षण दिया गया। कार्यशाला में सेना के पूर्व सर्जन रियर एडमिरल फ्लैग ऑफिसर डॉ. गिरीश गुप्ता ने प्रतिभागियों को प्राथमिक चिकित्सा और सीपीआर की व्यावहारिक जानकारी प्रदान की। कार्यशाला के दौरान डॉ. गिरीश गुप्ता ने अपने लंबे सैन्य और चिकित्सा अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि दुर्घटना, हार्ट अटैक, डूबने या बेहोशी जैसी आपात स्थितियों में सही समय पर दी गई प्राथमिक चिकित्सा किसी व्यक्ति का जीवन बचा सकती है। उन्होंने मरीज को सुरक्षित तरीके से उठाने, प्राथमिक उपचार देने तथा सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) की विधि का सैद्धांतिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ डॉ. गुप्ता ने पुतलों के माध्यम से सीपीआर का लाइव प्रदर्शन कर प्रतिभागियों को इसकी बारीकियां समझाईं। कार्यशाला का आयोजन शांतिकुंज के प्रमुख डॉ. प्रणव पण्ड्या, शैलदीदी और युवा आइकॉन डॉ. चिन्मय पण्ड्या के मार्गदर्शन में किया गया। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और अब वे आपदा या आकस्मिक स्वास्थ्य संकट की स्थिति में जरूरतमंद लोगों की सहायता करने में अधिक सक्षम महसूस कर रहे हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

