रुद्रपुर,30 मई(आरएनएस)। आयुष विभाग उत्तराखंड के तत्वावधान में जिले के लालपुर महाराजपुर रोड स्थित क्षेत्र में ‘आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्रÓ का शुभारंभ किया गया है। जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. आलोक कुमार शुक्ल के निर्देशन में स्थापित इस केंद्र को विशेष रूप से बवासीर, भगंदर, फिशर तथा गुदा मार्ग से संबंधित अन्य जटिल रोगों के उपचार के लिए विकसित किया गया है। केंद्र शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी। केंद्र में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की गई है। यहां गुदा रोग विशेषज्ञ डॉ. दीपक कुमार सरकार, डॉ. अब्दुल कयूम, डॉ. सोनम तथा फार्मेसी अधिकारी संजय कुमार की देखरेख में उपचार किया जाएगा। विशेषज्ञों की टीम रोगियों को आवश्यक परामर्श, जांच और उपचार की समुचित सुविधाएं उपलब्ध कराएगी। जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. आलोक कुमार शुक्ल ने बताया कि आयुष विभाग का उद्देश्य आमजन को उनके नजदीक गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्र की स्थापना से गुदा रोगों के मरीजों को उपचार के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि गुदा रोगों से संबंधित किसी भी समस्या को नजरअंदाज न करें और समय रहते विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेकर सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जा रही इस विशेष स्वास्थ्य सुविधा का लाभ उठाएं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

