रुद्रपुर,30 मई(आरएनएस)। बाराकोली रेंज क्षेत्र में वन विभाग ने अवैध लकड़ी के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरामशीन से 119 नग यूकेलिप्टिस प्रकाष्ठ जब्त किए हैं। वन विभाग की संयुक्त टीम ने लकड़ी को कब्जे में लेकर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रभागीय वनाधिकारी के निर्देश पर वन सुरक्षा बल, तराई पूर्वी वन प्रभाग तथा बाराकोली रेंज की संयुक्त टीम ने बरुआबाग, सिसौना स्थित मैसर्स जायसवाल टिम्बर इंडस्ट्रीज में छापेमारी कर जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान आरामशीन परिसर में बड़ी मात्रा में यूकेलिप्टिस की लकड़ी रखी मिली। टीम ने जब आरामशीन संचालक विपिन जायसवाल से लकड़ी से संबंधित अभिलेख, परिवहन प्रपत्र और स्रोत संबंधी जानकारी मांगी तो वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। साथ ही लकड़ी के स्रोत के बारे में भी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इसके बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर लकड़ी की नपाई कराई, जिसमें कुल 119 नग यूकेलिप्टिस प्रकाष्ठ पाए गए। सभी प्रकाष्ठों को जब्त कर अग्रिम कार्रवाई के लिए संचालक के सुपुर्द कर दिया गया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संयुक्त जांच टीम में वन दरोगा धन सिंह अधिकारी, दिनेश चंद्र पंत, प्रकाश चंद्र तिवारी, कृष्ण चंद्र शर्मा, नवीन सिंह, चंदन बेदी, नन्द किशोर, ललित जोशी और जगदीश पंत शामिल रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

