मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी 31 मई (आरएनएस) घने जंगल के बीच लाखों के दांव लग रहे थे, 52 पत्तों की महफिल अपने पूरे शबाब पर थी, लेकिन इससे पहले कि खेल और आगे बढ़ता, पुलिस की दबिश ने पूरा जुआ फड़ तहस-नहस कर दिया। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर 3.47 लाख रुपये से अधिक का मशरूका जब्त किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पीताम्बर पटेल एवं एसडीओपी ताजेश्वर दीवान के मार्गदर्शन में थाना अंबागढ़ चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम भड़सेना के जंगल में बड़े स्तर पर जुआ फड़ संचालित हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस और साइबर सेल की टीम ने रणनीति बनाकर जंगल क्षेत्र में घेराबंदी की और मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही कुछ लोग भाग निकले, जबकि 8 जुआरियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में तालिब खान (29) निवासी पुराना बस स्टैंड डोंगरगढ़, दशेश्वर प्रसाद कोड़ापे (26) निवासी मोंगरा, गोपाल राम धनकर (42) निवासी केरेठी, सतीश कुमार दीखीत (32) निवासी अरजपुरी मंचुआ जिला बालोद, दिनेश उइके (30) निवासी बिहिरीखुर्द, भूपेन्द्र गंजीर (27) निवासी काकोडी जिला गोंदिया महाराष्ट्र, संतराम उइके (27) निवासी घोटिया तथा धनराज जैन (49) निवासी साल्हे भानुप्रतापपुर जिला कांकेर शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 13 हजार 220 रुपये नकद, 8 मोबाइल फोन, 3 मोटरसाइकिल, 52 पत्ती ताश, बैटरी, एलईडी बल्ब और बिजली तार सहित कुल 3 लाख 47 हजार 220 रुपये का मशरूका जब्त किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(1) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। वहीं मौके से फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
गौरतलब है कि जंगलों और सुनसान इलाकों में अवैध जुआ फड़ संचालित कर कानून को चुनौती देने वालों पर पुलिस की नजर लगातार बनी हुई है। बहरहाल, यह कार्रवाई साफ संकेत है कि जुआ, सट्टा और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के लिए अब बच निकलना आसान नहीं होगा।


