कांकेर 31 मई (आरएनएस) चारामा के मुक्तिधाम पारा में अवैध शराब का कारोबार बेखौफ चल रहा था, लेकिन पुलिस की एक सटीक सूचना और त्वरित कार्रवाई ने पूरे खेल पर ब्रेक लगा दिया। उजियारा अभियान के तहत चारामा पुलिस ने छापा मारकर एक महिला को अवैध शराब बिक्री करते रंगे हाथ पकड़ा और बड़ी मात्रा में देशी मदिरा बरामद की।
उत्तर बस्तर कांकेर जिले में पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी कांकेर मोहसीन खान के पर्यवेक्षण में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में 30 मई 2026 को थाना चारामा पुलिस गश्त और पेट्रोलिंग पर निकली हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नगर चारामा के मुक्तिधाम पारा में एक महिला अपने घर के पास अवैध रूप से देशी प्लेन मदिरा बेच रही है और बिक्री के लिए शराब का भंडारण कर रखा है।
सूचना मिलते ही थाना चारामा पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और विधिवत कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला सोहद्रा बाई नरेटी (56 वर्ष), पति स्वर्गीय आत्मा राम नरेटी, निवासी मुक्तिधाम पारा चारामा को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 42 नग देशी प्लेन मदिरा पौवा, प्रत्येक में 180 एमएल शराब भरी हुई मिली। कुल 7.560 बल्क लीटर शराब की कीमत 3,360 रुपये आंकी गई। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 200 रुपये नगद भी बरामद किए गए।
पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में कुल 3,560 रुपये मूल्य का मशरूका जब्त कर आरोपी महिला के खिलाफ थाना चारामा में अपराध क्रमांक 116/26 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में मामला दर्ज किया और वैधानिक कार्रवाई की। इस कार्रवाई में निरीक्षक सुरेश कुमार राठौर, प्रधान आरक्षक ज्योति मिश्रा, आरक्षक रामिन दर्रो, तरुण सिन्हा और बलराम सिन्हा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गौरतलब है कि उजियारा अभियान के तहत कांकेर पुलिस अवैध शराब कारोबारियों पर लगातार शिकंजा कस रही है। बहरहाल, पुलिस का संदेश साफ है—अवैध कारोबार चाहे कितना भी छोटा क्यों न हो, कानून की नजर से बचना अब आसान नहीं होगा।

