बलौदाबाजार 31 मई (आरएनएस) एक फोन कॉल ने अवैध शराब के कारोबार पर ब्रेक लगा दिया। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में शुरू की गई ‘समाधान सेल’ अब अपराधियों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। ताजा मामले में समाधान हेल्पलाइन पर मिली सूचना के आधार पर कसडोल पुलिस ने घेराबंदी कर अवैध महुआ शराब बेच रहे आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में जिले में आम लोगों की शिकायतों और अपराध संबंधी सूचनाओं के त्वरित निराकरण के लिए “समाधान सेल” संचालित की जा रही है। इस हेल्पलाइन के माध्यम से लगातार महत्वपूर्ण सूचनाएं मिल रही हैं और अपराधियों की धरपकड़ में सफलता भी हासिल हो रही है। इसी कड़ी में 30 मई 2026 को समाधान सेल हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम नया गोरधा में एक व्यक्ति अवैध रूप से हाथ भट्ठी महुआ शराब की बिक्री कर रहा है।
सूचना मिलते ही थाना कसडोल पुलिस टीम सक्रिय हुई और बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए आरोपी सूरज धृतलहरे (35 वर्ष), निवासी ग्राम नया गोरधा, थाना कसडोल को अवैध शराब के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 06.000 बल्क लीटर अवैध हाथ भट्ठी कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 600 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने जब्त शराब को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ थाना कसडोल में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
गौरतलब है कि समाधान सेल केवल शिकायत निवारण मंच नहीं, बल्कि अपराध नियंत्रण का प्रभावी माध्यम भी बनता जा रहा है। बहरहाल, पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, अवैध कारोबार या संदिग्ध सूचना की जानकारी तत्काल समाधान हेल्पलाइन पर दें, क्योंकि आपकी एक सूचना बड़े अपराध को रोक सकती है।

