राजनांदगांव 31 मई (आरएनएस) जिन मोबाइलों के वापस मिलने की उम्मीद लगभग खत्म हो चुकी थी, वे अचानक जब उनके मालिकों के हाथों में पहुंचे तो खुशी देखते ही बन रही थी। राजनांदगांव के बसंतपुर थाना पुलिस ने तकनीक और मेहनत के दम पर 18 गुम मोबाइल फोन बरामद कर करीब 3 लाख रुपये की संपत्ति उनके वास्तविक स्वामियों को लौटाकर 18 परिवारों के चेहरों पर मुस्कान वापस ला दी।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में गुम मोबाइलों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी अभियान के तहत थाना बसंतपुर पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल की सहायता से विभिन्न कंपनियों के 18 गुम मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई गई है।
31 मई को थाना बसंतपुर परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सभी बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को विधिवत सुपुर्द किए गए। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर कई लोगों की आंखों में खुशी साफ दिखाई दी। आवेदकों ने बताया कि मोबाइल में केवल संपर्क नंबर ही नहीं बल्कि परिवार की यादें, महत्वपूर्ण दस्तावेज और जरूरी व्यक्तिगत जानकारी भी सुरक्षित थी, जिसके वापस मिलने की उम्मीद उन्होंने लगभग छोड़ दी थी।
पुलिस की इस सराहनीय कार्रवाई के लिए मोबाइल स्वामियों ने राजनांदगांव पुलिस और बसंतपुर थाना स्टाफ का आभार व्यक्त किया। इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक एमन साहू, आरक्षक श्रवण पैकरा, फागूराम साहू, ललित रावटे, भुनेश्वर जायसी, चन्द्रशेखर श्रीवास, कुश बघेल सहित थाना बसंतपुर के कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बहरहाल, यह कार्रवाई बताती है कि तकनीक और पुलिस की तत्परता मिल जाए तो खोई हुई उम्मीदें भी वापस लौट सकती हैं। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को गुम मोबाइल मिले तो उसका उपयोग न करें और उसे निकटतम थाने में जमा कराएं, ताकि वह अपने असली मालिक तक पहुंच सके।

