रुड़की 31 मई (आरएनएस)। स्वामी नारायण देवभूमि समाज कल्याण एवं एजुकेशनल ट्रस्ट के माहीगीरान स्थित कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए समाज के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षित होने का आह्वान किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मदरसा रहमानिया के मुफ्ती सलीम ने कहा कि मुस्लिम समुदाय को शिक्षा पर सबसे अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि एक आदर्श समाज और बेहतर राष्ट्र निर्माण के लिए तालीम का होना बेहद जरूरी है। शिक्षा ही व्यक्ति, समाज और देश की प्रगति का आधार है।
मदरसा वक्फ समिति के प्रशासक हाजी मुस्तकीम ने कहा कि दीनी तालीम के साथ-साथ दुनियावी शिक्षा भी आज के समय की बड़ी जरूरत है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से शिक्षा के क्षेत्र में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ उठाकर मुस्लिम समाज देश की तरक्की में अपनी प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित कर सकता है।
ट्रस्ट के अध्यक्ष चौधरी अब्दुल मलिक ने कहा कि स्वामी नारायण देवभूमि समाज कल्याण ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य शिक्षा को बढ़ावा देना, समाज सेवा, निशुल्क चिकित्सा, राष्ट्रीय जनजागृति तथा राष्ट्र निर्माण के कार्यों को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
अंतरराष्ट्रीय शायर अफजल मंगलौरी ने कहा कि वर्तमान समय में लड़कियां शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं, जबकि लड़कों की भागीदारी अपेक्षाकृत कम दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि इस स्थिति में सुधार के लिए धार्मिक गुरुओं और समाज के जिम्मेदार लोगों को आगे आकर युवाओं को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना चाहिए। कार्यक्रम में मोहम्मद गयूर, मोहम्मद कुर्बान लंढोरा, विकास कुमार, शेरू मलिक, शशी सैनी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

