रुड़की 31 मई (आरएनएस)। साइबर ठगों ने अब लोगों के बैंक खातों में सेंधमारी कर रकम उड़ाने का नया तरीका अपनाया है। साइबर ठगों ने एक दुकानदार के खाते से बिना ओटीपी भेजे ही करीब डेढ़ लाख की रकम साफ कर दी। पीडि़त ने बैंक पहुंचकर जानकारी ली तो खाते से डिजीटल माध्यम से रकम ट्रांसफर की गई है। पीडि़त दुकानदार ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस तहरीर के आधार पर केस दर्ज करने की तैयारी कर रही है। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित रामनगर गली नंबर दो निवासी आशीष कुमार ने रविवार को कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले खाते में करीब साढ़े तीन लाख रुपये जमा किए थे। 16 मई को वह बैंक खाता संबंधी जानकारी लेने बैंक गए थे। इस दौरान उन्हें पता चला कि उनके खाते से करीब डेढ़ लाख रुपये की रकम निकाली गई है। डेढ़ लाख रुपये निकाले जाने की बात सुनकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बैंक से पता चला कि डिजीटल माध्यम से यह रकम अलग-अलग खातों में ट्रांसफर की गई है। इसके अलावा कुछ कूपन के माध्यम से भी खरीदारी की गई है। पीडि़त ने पुलिस को बताया कि उनके पास न ही किसी की कॉल आई है और न ही उन्होंने किसी को बैंक संबंध जानकारी दी। इसके बाद उनके खाते से रकम निकाल ली गई है। उन्होंने पुलिस से मामले में केस दर्ज करने की मांग की है। एसएसआई दीप कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। साथ ही मामले को जांच के लिए साइबर सेल भी भेजा जा रहा है.
ठगी की लगातार हो रहीं घटनाएं
रुड़की में लगातार साइबर ठगी की घटनाएं सामने आ रही हैं। पिछले एक माह में करीब दस से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। जिनमें पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है। साथ ही लोगों से साइबर ठगी से बचाव के लिए जागरूक कर रही है। बावजूद इसके लगातार ठगी की घटनाएं सामने आ रही हैं। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि लोगों को साइबर ठगी से बचाव के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है। अगर कोई अनजान कॉल आती है तो उसे अपने बैंक संबंधी जानकारी न दें।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

