रुड़की 31 मई (आरएनएस)। रुड़की में रविवार को मौसम ने दिनभर कई रंग दिखाए। सुबह आसमान में काले बादल छाए रहने और रिमझिम बारिश होने से मौसम सुहाना हो गया। ठंडी हवाओं के चलते लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। हालांकि दोपहर होते-होते मौसम ने फिर करवट बदली और तेज धूप निकलने से गर्मी का असर बढ़ गया। धूप और उमस के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह के समय हुई हल्की बारिश और बादलों के कारण तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। आईआईटी रुड़की की कृषि-मौसम वेधशाला के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से क्रमश: 8.4 और 3.2 डिग्री सेल्सियस कम रहा। सुबह के समय सापेक्षिक आद्र्रता 84 प्रतिशत और शाम को 64 प्रतिशत दर्ज की गई। रविवार सुबह मौसम सुहावना होने के कारण लोग घरों से बाहर निकलकर पार्कों और सड़कों पर टहलते नजर आए। कई लोगों ने लंबे समय बाद मिली ठंडक का आनंद लिया, लेकिन दोपहर बाद बादल छंटने लगे और तेज धूप निकल आई। धूप के साथ उमस भी बढ़ गई, जिससे बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ कम हो गई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान 8.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। हवा की दिशा उत्तर-पूर्व रही, जिससे वातावरण में नमी बनी रही। किसानों ने भी मौसम में आए बदलाव को फसलों के लिए लाभकारी बताया है। उनका कहना है कि समय-समय पर होने वाली हल्की वर्षा और तापमान में गिरावट से खेतों में नमी बनी रहती है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी मौसम में उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना है और कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

