कोटद्वार 31 मई (आरएनएस)। झंडाचौक क्षेत्र में नाला निर्माण कार्य के चलते रविवार को पौड़ी नेशनल हाईवे पर बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए यातायात पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग से वाहनों की आवाजाही कराई जिससे लोगों को कुछ राहत मिल सकी। झंडाचौक के समीप नाला चोक होने के कारण बरसात के दौरान जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई थी। इससे राहगीरों के साथ-साथ आसपास के दुकानदारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता था। समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर निगम की ओर से करीब छह लाख रुपये की लागत से ह्यूम पाइप डालकर नाले का निर्माण कराया जा रहा है।
रविवार को हाईवे पर वाहनों का दबाव सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक रहा। निर्माण कार्य के चलते सुबह से ही वाहनों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। दोपहर करीब 12 बजे जाम से निपटने के लिए यातायात पुलिस ने मॉडल मांटेसरी स्कूल के समीप से रूट डायवर्ट कर दिया। पर्वतीय क्षेत्रों से मैदानी इलाकों की ओर आने वाले वाहनों को पुराना सिद्धबली मार्ग और बस अड्डा होते हुए लालबत्ती चौराहे से हाईवे पर निकाला गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

