ऋषिकेश 31 मई (आरएनएस)। तीर्थनगरी ऋषिकेश में विश्व तंबाकू निषेध दिवस मनाया गया। तंबाकू निषेध दिवस पर विभिन्न संगठनों ने कार्यक्रम आयोजित किए। जिनमें लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाले नुकसान की जानकारी दी गई और इससे मुक्त रहने को जागरूक किया गया। रविवार को हरिचंद गुप्ता आदर्श कन्या इंटर कॉलेज में विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर पीपुल एसोसिएशन फॉर साइंटिफिक एजुकेशन संस्था द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसका शुभारंभ निर्मल आश्रम अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. अमित अग्रवाल एवं प्रधानाचार्य संध्या गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया। डा. अमित अग्रवाल ने कहा कि हमें तंबाकू उत्पादों से बचना चाहिए। तंबाकू सेवन हमारे शरीर के विभिन्न अंगों को प्रभावित करता है एवं कालांतर में हमें अपने जीवन से हाथ धोना पड़ जाता है। उन्होंने कहा कि तंबाकू के जरिए हमारे शरीर में निकोटीन पहुंचता है, जो हमारे लिए बेहद हानिकारक है। इस दौरान पेंटिंग, निबंध, भाषण, क्विज प्रतियोगिता एवं नाटक के माध्यम से तंबाकू से बचने को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में हरिचंद बालिका इंटर कॉलेज, पूर्णानंद इंटर कॉलेज, जनार्दन पब्लिक स्कूल, ओंकारानंद स्कूल, श्री लाल बहादुर शास्त्री, स्वामीनारायण आश्रम के 95 प्रतिभागियों ने शिरकत की। मौके पर आलोक गौतम, अनुराखी बौद्ध, वीरेंद्र कुडिय़ाल, रामकृष्ण पोखरियाल, रामाश्रय सिंह, डॉ. मनीषा मिश्रा, डॉ. मीनाक्षी, अलख नारायण दुबे, पूजा रमोला, नेहा शर्मा, काजल मिश्रा, अनाहिता दुबे आदि उपस्थित रहे। उधर, श्री भरत मंदिर कॉलेज ऋषिकेश में प्रधानाचार्य यमुना प्रसाद त्रिपाठी ने सभी एनसीसी कैडेट्स को तंबाकू से होने वाले नुकसान की जानकारियां दी। एनसीसी कैडेट्स ने क्षेत्र में रैली निकाल लोगों को तंबाकू का सेवन न करने को जागरूक किया। मौके पर सीनियर एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट लखविंदर सिंह, विकास नेगी, रंजन अंथवाल, खेल कोच प्रवीन रावत, विवेक शर्मा आदि उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

