देहरादून,10 जून(आरएनएस)। उत्तराखंड में मसूरी में देहरादून मार्ग पर एक कार के अचानक ब्रेक फेल होने से वह गहरी खाई में गिर गई। वाहन में दो महिला यात्रियों समेत कुल चार लोग सवार थे। चारों की मौत हो गई है। अभी तक मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस और एसडीआरएफ ने अभी एक ही शव बाहर निकाला है। मृतक उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, हरियाणा के सोनीपत और दिल्ली के निवासी हैं। देहरादून एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि आज 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से सुबह 09:16 बजे थाना मसूरी पर सूचना प्राप्त हुई कि झड़ीपानी रोड चौकी बार्लोगंज मसूरी क्षेत्र में तीव्र ढलान में कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई हैं। सूचना पर कोतवाली मसूरी से पुलिस टीम तत्काल मौके पर रवाना हुई और घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एसडीआरएफ, फायर सर्विस तथा 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि मौके से रेस्क्यू टीमो द्वारा अभी तक एक महिला का शव खाई से निकाल लिया गया है।
एसएसपी डोभाल ने बताया कि मौके पर स्थानीय लोगों से पूछताछ करने पर ज्ञात हुआ कि एक मारुति सिलेरियो कार संख्या डीएल5 सीएस 4610 रोड की ढलान पर संभवत: ब्रेक फेल होने की वजह से तेजी से अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। उससे पूर्व उनके द्वारा नजदीक की दुकान पर कुछ सामान खरीदा गया था और बातचीत में उत्तरकाशी से आना बताया था। सामान लेकर जैसे ही वे कार में बैठे तो कार ढलान की तरफ सड़क पर तेजी से जाने लगी और फिर खाली प्लाट से होते हुए गहरी खाई में गिर गई।
मृतकों में दो हरियाणा के दो गाजियाबाद के रहने वाले: एसएसपी बताया कि जानकारी मिली है कि कार में सत्यप्रकाश निवासी सोनीपत, हरियाणा, मनीत आयु 19 वर्ष, सविता पत्नी धर्मवीर निवासी 322 ए, नेहरू नगर गाजिय़ाबाद आयु 48 वर्ष और संगीता पत्नी टीटू निवासी करोलबाग दिल्ली आयु 46 वर्ष सवार थे। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया तेज ढलान पर कार के ब्रेक फेल हो जाने के कारण कार का अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिरना स्पष्ट हुआ हैं।उन्होंने कहा कि मौके पर पुलिस अधीक्षक नगर तथा क्षेत्राधिकारी मसूरी द्वारा स्वयं मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्यो का जायजा लेते हुए रेस्क्यू टीमो का आवश्यक निर्देश दिए जा रहे है। घटना के संबंध में कार सवार व्यक्तियों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

