ऋषिकेश 31 मई (आरएनएस)। चारधाम यात्रा के लिए ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन को ऋषिकेश में यात्रियों की भारी भीड़ जुटी। सुबह से लेकर अपराह्न तक 10 हजार से अधिक यात्रियों ने रजिस्ट्रेशन कराया, जिसके बाद काउंटरों को बंद कर दिया गया। रजिस्ट्रेशन के दौरान यात्रियों को खराब मौसम का हवाला देते हुए केदारनाथ की यात्रा से फिलहाल परहेज करने की सलाह भी दी गई। रविवार सुबह सात बजे चारधाम ट्रांजिट केंद्र में यात्रियों के लिए रजिस्ट्रेशन काउंटरों को खोला गया। काउंटर खुलने से पहले ही यात्री 24 काउंटरों के आगे कतार लगाए खड़े मिले। पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू होने के बाद सिलसिलेवार हर यात्री को न सिर्फ पंजीकरण किया गया, बल्कि उन्हें केदारनाथ धाम क्षेत्र में भारी बारिश की जानकारी भी दी गई।
एनाउंसमेंट के माध्यम से भी ट्रांजिट परिसर में विश्राम के लिए रूके यात्रियों को केदारनाथ धाम की यात्रा अभी तक नहीं करने के लिए कहा गया। अपराह्न साढ़े तीन बजे रजिस्ट्रेशन काउंटर को बंद कर दिया गया। यात्रा प्रबंधन एवं नियंत्रण संगठन के ओएसडी डॉ. प्रजापति नौटियाल ने बताया कि ट्रांजिट केंद्र और यात्रा बस अड्डे पर संचालित 30 काउंटरों पर दस हजार से अधिकारियों का रजिस्ट्रेशन किया गया। सोमवार सुबह सात बजे फिर से यात्रियों के लिए काउंटरों को खोला जाएगा। बताया कि यात्रा शुरू होने के बाद तीन लाख से अधिक यात्रियों का अभीतक ऋषिकेश में रजिस्ट्रेशन किया जा चुका है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

