ऋषिकेश 31 मई (आरएनएस)। हरिद्वार में जाम से ऋषिकेश से मैदानी रूटों का सफर करने वाले यात्री यहीं फंस गए। ऋषिकेश बस अड्डे पर बसें समय से नहीं पहुंच सकीं और जो बस अड्डे से निकली वह भी हरिद्वार के जाम में फंस गई। जाम की वजह से पैदा हुई समस्या के चलते अड्डे पर यात्रियों का हुजूम जुटा नजर आया। रविवार को न सिर्फ ऋषिकेश, बल्कि हरिद्वार में यात्रियों और पर्यटकों की बेतहाशा भीड़ उमड़ी। हरिद्वार में राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का जाम लगने का असर ऋषिकेश में भी साफ तौर पर दिखा। इसके चलते ऋषिकेश से हरिद्वार होते हुए निचले इलाकों के लिए संचालित 56 बस सेवाएं प्रभावित हो गईं। अड्डे पर पहुंचने वाली यूपी रोडवेज की 70 बसें भी नहीं पहुंच सकीं। रुड़की की 10 और हरिद्वार की 20 बसों का समय भी गड़बड़ा गया। वहीं, हरिद्वार, मुजफ्फनगर, बिजनौर, दिल्ली समेत अन्य इलाकों को जाने के लिए बसों के इंतजार में यात्री घंटों परेशान रहे। बस के पहुंचते ही उसमें चढऩे के लिए यात्रियों के बीच सीट को लेकर मारामारी की स्थिति भी दिखी। सिर्फ यूपी ही नहीं, रुड़की डिपो की बसें भी ऋषिकेश नहीं आई, जिससे अड्डे पर बसों की समय सारिणी भी गड़बड़ा गई। दोपहर बाद हरिद्वार में ट्रैफिक व्यवस्था में हल्के सुधार के बाद बसों का आवागमन सुचारू हो पाया है, जिसके बाद यात्रियों ने भी राहत की सांस ली। एजीएम अंजलिका शर्मा ने बताया कि जाम की वजह से इस तरह की समस्या पैदा हुई है। डिपो के पास यात्रियों के लिए पर्याप्त बसें हैं, लेकिन हरिद्वार से ही बसें सही समय तक अड्डे पर नहीं पहुंच सकी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

