ऋषिकेश 31 मई (आरएनएस)। पिछले दो दिन से हुई बारिश के चलते रविवार को ऋषिकेश में मौसम सुहावना रहा। पांच डिग्री पारा गिरने से जहां लोगों को गर्मी में सर्दी का अहसास हुआ। वहीं तपिश से बेहाल लोगों को राहत मिली?। ऐसे में खुशनुमा मौसम में आसपास के राज्यों से भी भारी तादाद में ऋषिकेश पहुंचे पर्यटकों ने गंगा घाटों समेत पर्यटन स्थलों का आनंद उठाया। पर्यटन स्थलों पर भीड़भाड़ से निर्भर व्यवसायियों के चेहरों पर मुस्कान दिखी। रविवार सुबह से ही आसमान को काले बादलों ने घेरे रखा। ठंडी हवाओं से मौसम और ज्यादा सुहावना हो गया। दस बजे के बाद आसमान से रिमझिम फुहार भी बरसी।
मौसम के बदले मिजाज को न सिर्फ पर्यटक, बल्कि स्थानीय लोग भी जमकर लुत्फ उठाते दिखे। बाजारों में भी दिनभर रौनक देखने को मिली। चहल-पहल और खरीदारी बढऩे से घाट रोड, रेलवे रोड, दून रोड, मुखर्जी मार्ग और क्षेत्र रोड के दुकानदारों भी खिले दिखे। अभीतक 40 और फिर 33 के बाद अब पारा अधिकतम 28 डिग्री सेल्सियस पहुंचने से लोगों को गर्मी से भी राहत मिली। सुबह स्थिति यह रही कि एक दफा लोगों को सर्दी का अहसास हुआ। वहीं, सुहाने का मौसम का लुत्फ उठाने के लिए दिल्ली, एनसीआर, यूपी, हरियाणा समेत अन्य राज्यों से भी भारी संख्या में पर्यटक ऋषिकेश में जुटे दिखे। आसपास क्षेत्र के पर्यटक स्थलों पर भी अन्य दिनों के मुकाबले रविवार को अधिक भीड़ नजर आई। राज्य मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि मौसम में फेरबदल की संभावना लगातार बनी हुई है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

