देहरादून 31 मई (आरएनएस)। पर्वतीय कल्याण समिति की ओर से स्मिथनगर स्थित सामुदायिक भवन में 4 जून से 14 जून 2026 तक 12 दिवसीय निशुल्क समर कैंप का आयोजन किया जाएगा। कक्षा 3 से 8 तक के बच्चे इसमें प्रतिभाग करेंगे। अब तक 150 बच्चों का पंजीकरण हो चुका है। समिति के महासचिव वीरू बिष्ट ने बताया कि वर्तमान के डिजिटल दौर में बच्चे मोबाइल स्क्रीन पर अधिक समय व्यतीत कर रहे हैं। ऐसे में समर कैंप का उद्देश्य उन्हें मोबाइल की आभासी दुनिया से बाहर निकालकर खेलकूद, रचनात्मक और बौद्धिक गतिविधियों से जोडऩा है, जिससे उनका सर्वांगीण विकास हो सके। उन्होंने कहा कि समिति वर्षों से सेवा भाव के साथ मध्यमवर्गीय व आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के लिए यह कैंप निशुल्क आयोजित करती आ रही है।
ताकि कोई भी बच्चा संसाधनों के अभाव में अपनी प्रतिभा निखारने से वंचित न रहे। कैंप में विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा खेलकूद, सामान्य ज्ञान, कला व अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया जाएगा, जबकि उनके अभिभावकों को भी सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक प्रतिभागी को सहभागिता प्रमाण पत्र और प्रतिदिन पौष्टिक जलपान उपलब्ध कराया जाएगा। समिति ने क्षेत्रवासियों और अभिभावकों से समर कैंप को सफल बनाने के लिए सहयोग की अपील की है, ताकि बच्चों को सकारात्मक और रचनात्मक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

