महासमुंद 1 जून (आरएनएस) अवैध शराब के कारोबार पर महासमुंद पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा है कि जिलेभर में सक्रिय तस्करों, कोचियों और अवैध भट्ठी संचालकों के नेटवर्क की कमर टूट गई है। पिछले पांच महीनों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने रिकॉर्ड 8,090 लीटर अवैध शराब जब्त करते हुए 640 प्रकरण दर्ज किए और 540 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) और 34(2) के तहत दर्ज 466 मामलों में प्रति प्रकरण औसतन 18 लीटर शराब की जब्ती हुई, जो कार्रवाई की गंभीरता और प्रभावशीलता को दर्शाती है।
सरायपाली सबसे आगे, कई थानों ने पार किया 500 लीटर का आंकड़ा
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई में सरायपाली थाना पूरे जिले में शीर्ष पर रहा, जहां 2,259 लीटर से अधिक शराब जब्त की गई। इसके बाद बसना, सांकरा, महासमुंद, पिथौरा और पटेवा थानों ने भी 500 लीटर से अधिक शराब जब्त कर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। पुलिस के अनुसार कुल जब्त शराब में 6,610 लीटर महुआ शराब, 1,191 लीटर देशी शराब और 289 लीटर अंग्रेजी शराब शामिल है। दर्ज 466 प्रकरणों में 7 मामले ऐसे रहे जिनमें 100 लीटर से अधिक शराब जब्त की गई, जबकि 15 मामलों में 50 से 100 लीटर और 101 मामलों में 20 से 50 लीटर के बीच शराब बरामद हुई।
संवाद पोर्टल बना पुलिस का सबसे बड़ा हथियार
महासमुंद पुलिस के “संवाद” व्हाट्सएप हेल्प डेस्क ने इस अभियान में अहम भूमिका निभाई। पुलिस को आम नागरिकों से मिली गोपनीय सूचनाओं के आधार पर जंगलों और दूरस्थ गांवों में संचालित अवैध भट्टियों पर लगातार छापेमारी की गई। संवाद पोर्टल के माध्यम से प्राप्त सूचनाओं पर 44 आबकारी एक्ट, 6 जुआ-सट्टा, 2 आर्म्स एक्ट, 2 आवश्यक वस्तु अधिनियम और 2 अवैध डीजल कारोबार से जुड़े मामलों में कार्रवाई की गई। वहीं शराब बेचते पाए गए 28 ढाबों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 12 मामलों में बाउंड-ओवर की कार्यवाही भी कराई गई।
दो वर्षों के मुकाबले सबसे बड़ी कार्रवाई
आंकड़े बताते हैं कि वर्ष 2024 के पहले पांच महीनों में 5,440 लीटर और वर्ष 2025 में केवल 1,330 लीटर अवैध शराब जब्त हुई थी, जबकि वर्ष 2026 में यह आंकड़ा बढ़कर 8,090 लीटर तक पहुंच गया है। पुलिस का दावा है कि ओडिशा सीमा पर सख्त निगरानी, लगातार दबिश और गैर-जमानती धाराओं में कार्रवाई के कारण शराब माफियाओं का नेटवर्क बुरी तरह प्रभावित हुआ है। तस्करी में प्रयुक्त वाहनों की जब्ती और बड़े पैमाने पर शराब बरामदगी से अपराधियों को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
पुलिस की अपील
महासमुंद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे संवाद हेल्पलाइन नंबर 9479229939 पर अपने क्षेत्र में होने वाली अवैध गतिविधियों की सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
गौरतलब है कि महासमुंद पुलिस की यह जीरो-टॉलरेंस नीति अब केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि जमीनी स्तर पर अपराधियों के हौसले पस्त कर जिले में कानून व्यवस्था को नई मजबूती दे रही है।

